काफी फिल्मी है क्रिकेटर उमेश यादव और डिजाइनर पत्नी तान्या वाधवा की लव स्टोरी

मशहूर भारतीय क्रिकेटर उमेश कुमार तिलक उर्फ उमेश यादव (Umesh Yadav) विश्व क्रिकेट के बड़े नामों में से एक हैं। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज उमेश भारतीय क्रिकेट टीम, कोलकाता नाइट राइडर्स और विदर्भ क्रिकेट टीम के लिए खेलते हैं। इसमें कोई संदेह नहीं है कि, 2015 ‘आईसीसी क्रिकेट विश्व कप’ में उनका प्रदर्शन उनके करियर का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। उन्होंने उस टूर्नामेंट में 18 विकेट लिए थे। इसके अलावा, वह अपनी टीम ‘कोलकाता नाइट राइडर्स’ के साथ आईपीएल में गेंदबाजी के कई रिकॉर्ड तोड़ने के लिए भी जाने जाते हैं।

साल 2022 उमेश यादव के लिए काफी महत्व रखता है, क्योंकि ‘केकेआर’ के लिए बैक-टू-बैक मैच जीतने वाले उनके खेल से ‘आईसीसी टी20 विश्व कप 2022’ में उन्हें फिर मौका मिल सकता है। क्रिकेटर की प्रोफेशनल लाइफ के बारे में फैन्स काफी कुछ जानते हैं, लेकिन उनके निजी जीवन के बारे में कम ही लोग जानते हैं। इसके पीछे का कारण यह है कि, उनके निजी जीवन पर पर्याप्त मीडिया कवरेज नहीं होती है। हालांकि, उमेश और उनकी पत्नी तान्या वाधवा दोनों ही सोशल मीडिया यूजर्स हैं और यहां वह अपने जीवन से जुड़ी बातें शेयर करते हैं। यहां हम उमेश और तान्या की लव स्टोरी के बारे में पूरी जानकारी दे रहे हैं। उनकी पहली मुलाकात से लेकर उनकी डेट नाइट्स तक, हम वो सब कवर कर रहे हैं, जो आप इस शानदार जोड़ी के बारे में जानना चाहते हैं। तो चलिए शुरू करते हैं…

कौन हैं उमेश यादव की पत्नी तान्या वाधवा?

भारतीय क्रिकेटर उमेश यादव की पत्नी तान्या वाधवा एक पंजाबी परिवार से संबंध रखती हैं। तान्या का जन्म 6 अगस्त 1989 में दिल्ली में हुआ था। वह एक ऐसे परिवार से थीं, जहांं के नियम सख्त थे। हालांकि, हमने अक्सर तान्या को वेस्टर्न और ट्रेडिशनल दोनों ही आउटफिट्स में देखा है।


क्या करती हैं उमेश यादव की पत्नी तान्या वाधवा?

उमेश यादव की पत्नी तान्या वाधवा की बचपन से ही फैशन और कपड़ों में दिलचस्पी थी। दिल्ली में अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद तान्या ने फैशन की दिलचस्पी को करियर में बदलने का निर्णय लिया था। उन्होंने दिल्ली से फैशन डिजाइनिंग में स्नातक की पढ़ाई पूरी की और एक फैशन डिजाइनर के रूप में अपना काम शुरू कर दिया था और आज वह एक फैशन डिजाइनर हैं।

उमेश यादव और तान्या वाधवा की पहली मुलाकात


कई रिपोर्ट्स और सूत्रों के अनुसार, ‘कोलकाता नाइट राइडर्स’ के खिलाड़ी उमेश साल 2010 में पहली बार आईपीएल मैच के दौरान तान्या वाधवा से मिले थे। तान्या क्रिकेट की बड़ी फैन हैं और उन्हें एक कॉमन फ्रेंड के माध्यम से उमेश से मिलने का मौका मिला था। यहीं से इनके जीवन में अच्छा बदलाव आने लग गया था। दोनों के रिश्ते की शुरुआत यहीं से मानी जाती है।

उमेश यादव और तान्या वाधवा की डेटिंग स्टोरी


कहा जाता है कि, एक-दूसरे से कई बार मिलने के बाद उमेश यादव को तान्या से प्यार हो गया था, उनके काइंड और सॉफ्ट नेचर के कारण उमेश का दिल तान्या पर आ गया था। कुछ सालों तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद साल 2013 में उमेश और तान्या ने शादी के बंधन में बंधने का फैसला कर लिया था। कपल ने अपने-अपने परिवारों को अपने फैसले के बारे में बताया और उनके माता-पिता भी इस निर्णय से राजी हो गए थे।

उमेश यादव और तान्या वाधवा की सगाई की रस्म


उमेश यादव और तान्या वाधवा की शादी को लेकर दोनों परिवार बेहद खुश थे। 15 अप्रैल 2013 को दोनों ने सगाई कर ली थी। सगाई होने से ये बात साफ हो गयी थी कि, उमेश और तान्या के संबंधों के बारे में मीडिया में चल रही खबरें सच थीं, और लवबर्ड्स एक-दूसरे के बारे में गंभीर थे।सोशल मीडिया पर भी इनकी सगाई की खबरें फैल गई थीं। उमेश यादव और तान्या वाधवा की सगाई की रस्म नागपुर में उमेश यादव के घर पर हुई थी। जहां उमेश ने अपनी सगाई समारोह के लिए एक सफेद और काले रंग की चेकर्ड शर्ट और नीली डेनिम पहनी थी, वहीं तान्या बेज कलर के सलवार सूट में बहुत खूबसूरत लग रही थीं।

उमेश यादव की तान्या वाधवा से शादी


29 मई 2013 को उमेश यादव ने अपनी गर्लफ्रैंड तान्या वाधवा से होटल ‘सेंटर पॉइंट’ नागपुर में शादी रचाई थी। अपनी शादी के दिन यह कपल काफी सुंदर लग रहा था। तान्या ने अपने फैशन डिजाइनिंग स्किल्स को साबित कर दिया था। दरअसल, उन्होंने एक पारंपरिक लहंगा पहना था। हालांकि, तान्या की ‘चान्या-चोली’ ने सबका ध्यान आकर्षित किया था। इसकी शानदार सिल्वर और गोल्डन कढ़ाई ने सभी का दिल जीत लिया था।


जहां तान्या वाधवा ने अपने ब्राइडल लुक से लाइमलाइट चुराई थी, वहीं दूल्हे उमेश यादव ने साबित कर दिया था कि, उनकी सादगी किसी से कम नहीं है। क्रिकेटर ने आइवरी कलर की शेरवानी पहनी थी और इसे भगवा रंग की पगड़ी के साथ कम्पलीट किया था। उमेश अपनी शादी के दिन डैशिंग लग रहे थे। शादी के वक्त तान्या की उम्र मात्र 23 साल थी, वहीं उमेश की उम्र 25 साल थी।

उमेश यादव और तान्या वाधवा की बेटी

सात साल के वैवाहिक जीवन के बाद 1 जनवरी 2021 को उमेश यादव और उनकी पत्नी ने इस दुनिया में अपनी बच्ची का स्वागत किया था। उमेश ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर सोते हुए बच्चे की एक तस्वीर शेयर की थी। साथ ही एक मैसेज भी लिखा था कि, वह एक बच्ची के पिता बन गए हैं। इस मैसेज में लिखा था, “दुनिया में आपका स्वागत है, छोटी राजकुमारी!, रोमांचित हूं कि, आप यहां आ गयी हैं!”

तस्वीर के साथ, उमेश ने कैप्शन में एक नोट भी लिखा था, जिसमें लिखा था, “यह एक लड़की है।”

उमेश यादव और तान्या वाधवा ने कब किया अपनी बेटी के नाम का ऐलान?

1 जनवरी 2022 को अपनी बेटी के पहले जन्मदिन के खास मौके पर क्रिकेटर और उनकी पत्नी ने अपनी बच्ची के नाम की घोषणा की थी। तान्या ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर फोटो कोलाज शेयर किया था, जिसमें उनकी प्यारी बेटी की चार सुंदर फोटोज थीं। फोटो के साथ, तान्या ने कैप्शन में एक प्यारा सा नोट लिखा था, जिसमें उन्होंने अपनी बेटी के नाम का खुलासा किया था और इसने सभी का दिल जीत लिया था। तान्या और उमेश यादव ने अपनी बेटी का नाम ‘हुनर’ रखा है।

 

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *