क्रिकेटर शार्दुल ठाकुर ने रचाई शादी, तस्वीरें वायरल, कोहली-सहवाग सहित इन दिग्गजों ने दी बधाई

जनवरी 2023 में भारत के स्टार क्रिकेटर केएल राहुल शादी के बंधन में बंधे थे। राहुल ने अपनी गर्लफ्रेंड और बॉलीवुड अदाकारा अथिया शेट्टी ने खंडाला में शादी की थी। वहीं अब भारत के एक और क्रिकेटर शादी के बंधन में बंध गए हैं। चर्चित क्रिकेटर शार्दुल ठाकुर ने भी अब शादी रचा ली है।

भारत के लिए गेंद और बल्ले दोनों से ही धमाल मचाने वाले शार्दुल ने 27 फरवरी को अपनी मंगेतर मिताली पारुलकर से शादी रचा ली है। विवाह बंधन में बंधने के बाद क्रिकेटर ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट से शादी की तस्वीरें साझा की है। फैंस और क्रिकेटर्स उन्हें शादी की शुभकामनाएं दे रहे हैं।

भारत के लिए कई मौकों पर शार्दुल शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं और उन्होंने अपनी टीम को मुश्किल परिस्थिति से बाहर निकाला है। महाराष्ट्र के पालघर में जन्में 31 वर्षीय शार्दुल ने अब अपनी जीवन की नई पारी की शुरुआत की है। उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब पसंद की जा रही है।

बता दें कि सोमवार, 27 फरवरी को शार्दुल ने अपनी मंगेतर मिताली पारुलकर से ‘मायनगरी’ मुंबई में ब्याह रचाया है। जानकारी के मुताबिक कपल की शादी मराठी रीति रिवाजों के साथ संपन्न हुई है।

शार्दुल की शादी में शामिल हुए थे रोहित-श्रेयस

शार्दुल ठाकुर की शादी के फंक्शन में भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा और मध्यक्रम बल्लेबाज श्रेयस अय्यर ने भी शिरकत की थी।

रोहित अपनी पत्नी रितिका सजदेह के साथ शार्दुल की शादी के फंक्शन में पहुंची थी। वहीं युजवेंद्र चहल की पत्नी धनश्री वर्मा ने भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई थी।

2021 में शार्दुल-मिताली ने की थी सगाई

बता दें कि शार्दुल ने इससे पहले साल 2021 में मिताली संग सगाई की थी। इससे पहले दोनों ने एक दूजे को डेट किया था। वहीं टी-20 विश्वकप 2022 के बाद दोनों की शादी होना तय हुआ था। आखिरकार अब दोनों विवाह बंधन में बंध गए है।

क्या करती है शार्दुल की पत्नी ?

शार्दुल ठाकुर की पत्नी मिताली के बारे में खबरें है कि वे एक बिजनेस वूमेन है। बताया जा रहा है कि मिताली का खुद का एक स्‍टार्टअप है। मिताली और शार्दुल लंबे समय से एक दूसरे को जानते हैं।

शार्दुल ने तस्वीरें पोस्ट करते हुए लिखा है कि, ”अपने प्रकाश की सराहना करना सीखा, जब मैंने तुम्हारी छाया का सामना किया! अच्छे और बुरे समय में, सुख और दुख में, मैं आपका दोस्त बनने का वादा करता हूं, अब से अंत तक”।

शार्दुल की पोस्ट पर कमेंट करते हुए विराट कोहली ने लिखा है कि, ”बधाई। भगवान आप दोनों का भला करें”। वॉशिंगटन सुंदर ने हार्ट इमोजी बनाए। क्रुणाल पंड्या ने लिखा कि, ”आप दोनों को बधाई”। वहीं युजवेंद्र चहल ने कमेंट किया कि, ”बधाई हो”। वहीं शिखर धवन, वीरेंद्र सहवाग सहित कई मशहूर हस्तियों ने भी कपल को शादी की शुभकामनाएं दी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *